जबलपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध निदान वॉटरफॉल पर बड़ा हादसा टल गया। अचानक जलस्तर बढ़ने से घूमने आए दो युवक बीच में फंस गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और लोगों की नजर हालात पर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक निदान वॉटरफॉल की खूबसूरती देखने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज बारिश के कारण झरने और उससे जुड़े नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। देखते ही देखते नाला ओवरफ्लो हो गया, जिससे दोनों युवक सुरक्षित स्थान पर फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक ऊंचे स्थान पर बैठकर बारिश और पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते रहे। तेज बहाव के कारण तत्काल रेस्क्यू करना जोखिम भरा माना गया। उम्मीद जताई जा रही है कि जलस्तर कम होते ही उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।
गौरतलब है कि निदान वॉटरफॉल बारिश के मौसम में बेहद आकर्षक होने के साथ-साथ काफी खतरनाक भी हो जाता है। पिछले वर्षों में यहां कई हादसे हो चुके हैं। बीते वर्ष भी एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी। इसके बावजूद बारिश के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान झरनों, नालों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।


