जबलपुर। नागरिकों के स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के दिशा-निर्देशों के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में मच्छरों के प्रकोप को प्रभावी रूप से कम करने के लिए लगातार कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। संभावित खतरों को समय रहते रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य सभी वार्डों का भी लगातार सूक्ष्म निरीक्षण कर रही हैं। समुदाय में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर समझ बढ़ाने के लिए नागरिकों और व्यापारियों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इस वृहद अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों और जिला चिकित्सालय की मलेरिया शाखा के बीच तालमेल स्थापित किया गया है।


