नई दिल्ली, राष्ट्रीय अक्षय ऊर्जा दिवस के अवसर पर कई नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “राष्ट्रीय अक्षय ऊर्जा दिवस हमें प्रकृति के अनुकूल ऊर्जा स्रोतों को अपनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुरक्षित रखने का संदेश देता है। आइए इस अवसर पर स्वच्छ, सुरक्षित और सतत ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लें।”राजस्थान सरकार की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, “अक्षय ऊर्जा दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। राजस्थान 50,000 मेगावाट से अधिक की अक्षय ऊर्जा क्षमता के साथ देश में दूसरे स्थान पर है। आइए, स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर स्वच्छ, हरित एवं सशक्त राजस्थान के निर्माण में सहभागी बनें।”
केशव मौर्य ने लिखा, “आइए, अक्षय ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनें।”बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “अक्षय ऊर्जा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आइए, इस अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि पर्यावरण को प्रदूषणमुक्त बनाने के साथ-साथ ऊर्जा के अक्षय स्रोतों के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देंगे। स्वच्छ पर्यावरण और सतत ऊर्जा ही विकसित एवं समृद्ध भारत की आधारशिला है।”


