**
_पिकअप, दो मोटरसाइकिल और 72 हजार रुपये नकद समेत 6.97 लाख का मशरूका जब्त_कुरई – कुरई थाना एवं बादलपार चौकी पुलिस ने मवेशी चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन, दो मोटरसाइकिल और मवेशी बिक्री से प्राप्त 72 हजार रुपये नकद सहित कुल 6 लाख 97 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की दरमियानी रात ग्राम चक्की खमरिया निवासी फरियादी के खेत में बने कोठे का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर पांच मवेशी चोरी कर ले गए थे। शिकायत पर बादलपार चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने पतारसी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से मवेशियों को चोरी कर पिकअप वाहन MP 50 ZB 8914 से मदार टेकरी, बरेला (जबलपुर) पहुंचाया था। वहां मवेशियों को मनोज यादव के माध्यम से 1 लाख 25 हजार रुपये में बेचने के बाद रकम आपस में बांट ली गई।
*सात आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस ने मामले में दीपक सोनवाने, अमित कुमार यादव, अशफाक खान, सलमान उर्फ बल्लम खान, मोहशीन उर्फ काले खान, वासिद खान और मनोज यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिवनी, बरघाट, डूंडासिवनी क्षेत्र के साथ जबलपुर जिले का आरोपी भी शामिल है।
*यह सामान हुआ जब्त*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 हजार रुपये नकद, करीब 5 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन, करीब 55 हजार रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल और करीब 70 हजार रुपये कीमत की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 6 लाख 97 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी बरघाट श्री ललित गठरे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में कुरई थाना एवं बादलपार चौकी पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


