पिछले कई वर्षों से लगातार निवेदन के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, सड़कों पर हजारों की संख्या में घूम रही गायें
कोतमा -जिले की सड़कों पर रात के समय आवारा गायों एवं अन्य पशुओं का जमावड़ा गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है। अचानक सड़क पर बैठे पशुओं के सामने आने से वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत हो चुकी है, कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कई लोग हमेशा के लिए अपाहिज हो चुके हैं।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए पिछले कई वर्षों से लगातार प्रशासन और अनूपपुर जिले में पदस्थ रहे पिछले तीन कलेक्टरों से निवेदन किया जा रहा है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आज भी अनूपपुर जिले की सड़कों पर हजारों की संख्या में गाय एवं अन्य आवारा पशु फैले हुए दिखाई देते हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की जान पर लगातार खतरा बना हुआ है।
अब समाजसेवी शिवांश सिंह राजपूत ने मीडिया के माध्यम से वर्तमान कलेक्टर से मांग की है कि इस गंभीर समस्या को तत्काल संज्ञान में लेकर सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने और उनके लिए उचित व्यवस्था करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
शिवांश सिंह राजपूत ने कहा कि दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि दुर्घटना होने से पहले ही प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान करे।


