_108 एम्बुलेंस कार्यालय से चोरी हुआ था HP कंपनी का लैपटॉप, आरोपियों की निशानदेही पर बरामद_
सी टाइम्स सिवनी- जिला अस्पताल सिवनी स्थित 108 एम्बुलेंस कार्यालय से लैपटॉप चोरी के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया करीब 30 हजार रुपए कीमत का HP कंपनी का लैपटॉप भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को 108 एम्बुलेंस जिला प्रबंधक दयाराम ब्रम्हने ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे जिला अस्पताल स्थित 108 एम्बुलेंस कार्यालय के कमरे का दरवाजा खोलकर अज्ञात व्यक्ति अंदर घुसा और बैग में रखा HP कंपनी का लैपटॉप चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी सहायता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने तलाश करते हुए 2 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम निखिल यादव (19) पिता जयकिशन यादव और नवील खान (18) पिता शाहिल खान, दोनों निवासी सूफीनगर गांधी वार्ड, सिवनी बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने 108 एम्बुलेंस कार्यालय से लैपटॉप चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया लैपटॉप दीवान महल की बाउंड्री के किनारे घास और पौधों में छिपाकर रखा हुआ बरामद किया गया। पुलिस ने लैपटॉप को विधिवत जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, सउनि शत्रुघन चौरिया, प्रधान आरक्षक प्रदीप चौधरी, सुधीर डहेरिया, संतोष साहू एवं आरक्षक लोकेश सरयान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


