जबलपुर। दीपावली के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के दौरान मदनमहल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने पटाखों से भरे दो बैग जब्त किए हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद से की गई कार्रवाई में दो यात्रियों को पकड़ा गया। जब्त पटाखों की कीमत करीब 9,800 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को मदनमहल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रेलवे सुरक्षा बल की टीम डॉग स्क्वॉड के साथ जांच कर रही थी। इसी दौरान श्वान सिम्हा ने दो यात्रियों के बैग की ओर विशेष संकेत किया। संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने बैग की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में खतरनाक और ज्वलनशील पटाखे मिले। रेलवे यात्रा के दौरान ऐसे पटाखों का परिवहन प्रतिबंधित होने के चलते टीम ने दोनों यात्रियों को पकड़ लिया।
आरपीएफ के अनुसार, आरोपियों की पहचान अमित कुमार कोरी (26), पिता हीरालाल कोरी, निवासी निरंजन वार्ड और रोशन साहू (42), पिता प्रभुदयाल साहू, निवासी बीजासेन वार्ड, गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से पटाखों से भरे दो बैग और एक सामान्य यात्रा टिकट जब्त किया गया।
दोनों के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 164 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक प्रवीण कुमार मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक केएस भवेदी, प्रधान आरक्षक फिरोज खान, प्रधान आरक्षक अतुल जायसवाल और महिला प्रधान आरक्षक सीता कुरील की भूमिका रही। रेलवे द्वारा त्योहार के मद्देनजर यात्रियों और उनके सामान की जांच तेज की गई है।


