21.4 C
Jabalpur
October 10, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

कुंडम में संभागायुक्त धनंजय सिंह का निरीक्षण, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश



जल जीवन मिशन के कार्यों में देरी पर नोटिस जारी करने के निर्देश, स्कूल में कमजोर अध्यापन और राशन वितरण पंजी में मिली खामियांजबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत संभागायुक्त धनंजय सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर जिले के कुंडम ब्लॉक के ग्राम तिलसानी में विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़ी सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुधार करने और लापरवाही के मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने तिलसानी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सकीय स्टाफ और मरीजों से संवाद किया। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी पंजी, टीकाकरण, मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण, जननी सुरक्षा योजना और प्रसूति सहायता योजना के प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाओं को स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर उपचार, दवाइयों की नियमित उपलब्धता और गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित एकल नलजल योजना के कार्यों का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त ने ग्रामीणों से पेयजल उपलब्धता की जानकारी ली। योजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा नहीं होने पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कुंडम के संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश अधीक्षण यंत्री को दिए।
इसके बाद उन्होंने एकीकृत शासकीय हाईस्कूल तिलसानी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। अध्यापन कार्य अपेक्षित स्तर का नहीं मिलने पर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) से स्पष्टीकरण लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा को दिए। स्कूल के किचिन शेड में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त ने मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत शक्ति महिला आजीविका ग्राम संगठन द्वारा संचालित मिलेट कुकीज बेकरी यूनिट का अवलोकन किया। महिला समूह कोदो, कुटकी, रागी सहित मोटे अनाज से उत्पाद तैयार कर उनका विक्रय कर रहा है। संभागायुक्त ने समूह के प्रयासों की सराहना करते हुए उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और बिक्री बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रबंधन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान तिलसानी की प्राथमिक सहकारी संस्था द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की भी जांच की गई। राशन वितरण पंजी निर्धारित नियमों के अनुरूप संधारित नहीं मिलने पर संभागायुक्त ने संयुक्त आयुक्त सहकारिता को सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अन्य ख़बरें

प्रियांश बिसेन का अंतरराष्ट्रीय आर्म रेसलिंग टूर के लिए चयन
65 किलोग्राम राइट हैंड श्रेणी में भारतीय दल का करेंगे प्रतिनिधित्व

Newsdesk

भगवान को दुल्हा रूप में देख पुलकित हुए श्रद्धालु

Newsdesk

गोहलपुर पुलिस ने पकड़े तीन वाहन चोर, 10 लाख के 9 दुपहिया वाहन बरामद

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading