बालाघाट, 09 अक्टूबर 2026। नगर पालिका परिषद मलाजखंड द्वारा विकासखंड बिरसा क्षेत्र के देश सेवा में समर्पित वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों के सम्मान में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका परिषद मलाजखंड के अध्यक्ष श्री मान सिंह मेरावी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विभिन्न समितियों के सभापतिगण तथा निकाय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैनिकों एवं उनके परिजनों को मंच पर आमंत्रित कर शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्री जितेन्द्र कुमार पटले (सीआरपीएफ), ग्राम पंचायत बिढ़ली; श्री संतोष चौहान (भारतीय सेना), बिरसा वार्ड क्रमांक 21, उनके पिता श्री शिवलाल चौहान एवं धर्मपत्नी श्रीमती जीरन बाई चौहान; श्रीमती अश्वनी साहू, सीआरपीएफ जवान श्री ज्योतिरत्न साहू की पत्नी, ग्राम पंचायत चिल्होड़ा तथा श्री रूपेश नायक शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री मानसिंह मेरावी ने कहा कि देश के वीर जवान विपरीत परिस्थितियों में सीमाओं पर तैनात रहकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही देशवासी अपने घरों में सुरक्षित महसूस करते हैं। सैनिकों के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिजनों का सम्मान करना नगर पालिका परिवार एवं समस्त क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने सैनिकों के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को अतुलनीय बताया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका अधिकारियों ने भी वीर सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा देश सेवा के लिए उनके समर्पण की सराहना की।


