25.1 C
Jabalpur
October 9, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

रामपुर छापर में बनेगा नमो उद्यान, 17,500 पौधों से विकसित होगा हरित क्षेत्र



मियावाकी पद्धति से होगा पौधारोपण, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी
जबलपुर। पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के उद्देश्य से पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के रामपुर छापर में नमो उद्यान विकसित किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने ‘सेवा मेरा योगदान संकल्प सेवा अभियान-2026’ के तहत आयोजित वृहद पौधारोपण कार्यक्रम में इस उद्यान की घोषणा की। लगभग तीन एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले इस उद्यान में कुल 17 हजार 500 पौधे लगाए जाएंगे। नगर निगम ने पौधारोपण के लिए महज पांच दिनों में भूमि तैयार की है।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मियावाकी पद्धति से विकसित होने वाला नमो उद्यान पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के साथ पूरे संस्कारधानी शहर के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। यहां होने वाला पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में योगदान देगा।
दो हिस्सों में विकसित होगा उद्यान
परियोजना के पहले हिस्से नमो उद्यान पार्ट-1 को लगभग 0.80 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। यहां करीब 500 छायादार और फलदार पौधे लगाए जाएंगे। इनमें नीम, कदंब, सागौन, अर्जुन, आम, अमरूद और आंवला प्रमुख हैं। इस हिस्से में नागरिकों के लिए ओपन जिम, बच्चों के लिए सुरक्षित खेल क्षेत्र, बुजुर्गों के बैठने की व्यवस्था, लॉन और टहलने के लिए पाथवे भी बनाया जाएगा।
नमो उद्यान पार्ट-2 को लगभग 1.68 एकड़ क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से विकसित किया जाएगा। इसमें करीब 16,500 पौधों का सघन रोपण होगा। कनेर, चंपा और गुड़हल जैसे फूलदार पौधों के साथ आम, जामुन, पीपल, बरगद, हरड़ और बहेड़ा जैसे वृक्ष लगाए जाएंगे। इस सघन वन क्षेत्र से जैव विविधता को बढ़ावा देने और शहर के हरित आवरण में वृद्धि की उम्मीद है।
स्वास्थ्य और पर्यावरण को मिलेगा लाभ
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि रामपुर छापर गार्डन की नई रूपरेखा तैयार की गई है। यहां हरियाली के साथ स्वास्थ्य और मनोरंजन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्यान बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल बनेगा।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने भी परियोजना के पर्यावरणीय महत्व पर विचार व्यक्त किए। अधिकारियों के अनुसार, पौधारोपण और हरित क्षेत्र के विकास से स्थानीय पर्यावरण को लाभ मिलने के साथ नागरिकों को स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी सहित राममूर्ति मिश्रा, अभय सिंह ठाकुर, सोनू बचवानी, पंकज दुबे, रजनीश यादव, गुल्लन दुबे, दिनेश सिंगरौल, ललिता सिंह ठाकुर, लक्ष्मी प्रजापति, शारदा कुशवाहा, संजय निशा राठौर, संजय तिवारी, राजकुमार पटैल, जय चक्रवर्ती, कुंवर पाल सिंह शेरू, निर्मल चौपड़ा और संदीप राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

प्रियांश बिसेन का अंतरराष्ट्रीय आर्म रेसलिंग टूर के लिए चयन
65 किलोग्राम राइट हैंड श्रेणी में भारतीय दल का करेंगे प्रतिनिधित्व

Newsdesk

भगवान को दुल्हा रूप में देख पुलकित हुए श्रद्धालु

Newsdesk

गोहलपुर पुलिस ने पकड़े तीन वाहन चोर, 10 लाख के 9 दुपहिया वाहन बरामद

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading