किलकारी मैदान में भूमि पूजन, आठ माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य; तीन हजार लोगों की होगी क्षमता
जबलपुर। ठक्कर ग्राम क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला सामुदायिक भवन (बारात घर) का निर्माण कराया जाएगा। क्षेत्रवासियों की आवश्यकता को देखते हुए पार्षद गुलाम हुसैन के प्रयासों से बनने वाले इस भवन का मंगलवार को ठक्कर ग्राम वार्ड स्थित किलकारी मैदान में भूमि पूजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन धनधोरिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी कदीर सोनी, हाजी गुलाम मोहम्मद भूरे पहलवान तथा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा उपस्थित रहे। आयोजन की अध्यक्षता पूर्व एमआईसी सदस्य एवं पार्षद गुलाम हुसैन ने की। विशिष्ट अतिथियों में मंसूरी समाज के सरदार हामिद हुसैन, अंसारी समाज के सरदार हकीम बाबा, पठान समाज के सरदार एवं पत्रकार हाजी मुईन खान, कुरैशी समाज के सरदार आमिन कुरैशी और राईन समाज के सरदार अयाज राईन शामिल रहे।
पार्षद गुलाम हुसैन ने बताया कि राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा की सांसद निधि, विधायक निधि और पार्षद निधि के संयुक्त सहयोग से भवन का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 10 हजार वर्गफुट क्षेत्र में बनने वाले इस दो मंजिला भवन में एक समय में करीब तीन हजार लोगों के शामिल होने की क्षमता होगी। निर्माण कार्य आठ माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन बनने से क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को विवाह समारोह सहित सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में ताहिर अली, शाबान मंसूरी, हामिद मंसूरी, आरिफ हसन सिद्दीकी, शाहिद खान, मोहम्मद फिरदौस, मुबीन पहलवान, सरदार फजल अंसारी, कदीर अंसारी, खलील अंसारी, गुलाम जीलानी बेग, मेंहदी हसन, शफीक अंसारी, हसीब खान, टीपू सुल्तान, इमरान अंसारी, शाहरुख अंसारी, वसीम सोनी, मोहम्मद सरवर, जीशान, वहीद भाई, शेख शेरू मंसूरी, आसिफ अंसारी, रफीक मंसूरी और अज्जू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में ठक्कर ग्राम वार्ड विकास समिति एवं टीम फॉर गुलाम हुसैन ने अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।


