कटोरी,भंडारबोड़ी, फुलचर, कुम्हली एवं मानेगांव के किसानों को विधायक गौरव पारधी के प्रयास से मिला सिंचाई का पानी
खैरलांजी
खैरलांजी तहसील क्षेत्र के कटोरी, भंडारबोड़ी, फुलचर, कुम्हली एवं मानेगांव में निर्धारित शेड्यूल के बावजूद नहरों से सिंचाई का पानी नहीं पहुंचने के कारण किसान आमरण अनशन पर बैठ गए थे। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक गौरव सिंह पारधी ने संबंधित विभागों से लगातार समन्वय किया और अन्य नहरों के माध्यम से इन गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
पानी की व्यवस्था होने के बाद गत रात्रि विधायक श्री पारधी अनशन स्थल पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। उन्होंने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद किसानों को पानी पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।
पहली बार इस समय पर राजीव सागर बांध से मिल रहा सिंचाई का पानी
इस बार राजीव सागर बांध से ऐसे समय में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जब पूर्व में इस अवधि में पानी मिलना संभव नहीं हो पाता था। किसानों की जरूरत को देखते हुए विधायक श्री पारधी ने विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु बनाने पर जोर दिया, जिससे किसानों को अपनी फसलों के लिए पानी मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
पांच विधानसभा क्षेत्र तक सिंचाई की आपूर्ति, अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना चुनौती
भीमगढ़ बांध से केवलारी, सिवनी, लालबर्रा, परसवाड़ा और वारासिवनी सहित पांच विधानसभा क्षेत्रों की सिंचाई आवश्यकताएं जुड़ी हैं। ऐसे में सभी क्षेत्रों के किसानों तक निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पानी पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद कटोरी सहित पांच गांवों के किसानों को राहत देने के लिए वैकल्पिक नहरों से पानी की व्यवस्था की गई। अब किसानों की अपेक्षा है कि आगे भी उन्हें तय समय-सारणी के अनुसार सिंचाई के लिए पानी मिलता रहे।
हर किसान के खेत तक पानी पहुंचाना मेरी जिम्मेदारी : विधायक गौरव पारधी
विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने कहा कि किसानों की फसल और उनकी आजीविका की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक गांव और नहर के अंतिम छोर तक स्थित खेतों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सिंचाई का पानी मिले, इसके लिए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस एवं सिंचाई विभाग के साथ समन्वय कर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को सिंचाई के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।
अनशन समाप्त होने के बाद किसानों ने राहत व्यक्त की और विधायक गौरव पारधी का आभार प्रकट किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष ज्ञानेश रहांगडाले, देवराज कोल्हे, अनिल कुर्वे, तेजलाल चौधरी, अजय मेश्राम, अनिल गौतम, थानसिंह गौतम, सरपंच डेविड मेश्राम सहित क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।


