दतिया,12 दिसम्बर (आरएनएस)। पुलिस की वर्दी पहनकर रौब दिखाने वाले बीए के एक छात्र को सिविल लाइन पुलिस ने गश्त के दौरान पकड़ा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी भूमिका दुबे ने बताया कि गत शुक्रवार रात्रि करीब 11.30 बजे गश्त के दौरान झांसी बाईपास परएक युवक पुलिस की वर्दी में खड़ा दिखा। जब उसके पास पहुंचकर देखा गया तो युवक एएसआई की वर्दी पहने मिला। गश्ती दल ने जब उससे जानकारी मांगी तो वह हड़बड़ा गया। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। युवक ने अपना नाम अंकुश पुत्र राकेश अग्रवाल उम्र 20 वर्ष निवासी पविया का बाग बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह बीए का छात्र है और अपने दास्तों पर पुलिस का रौब दिखाने के लिए अक्सर वर्दी पहनता था।
आज भी वह अपनी नेमप्लेट लगी वर्दी पहनकर किसी के इंतजार में वहा खड़ा था। पुलिस ने उसके पास मिले बैग की तलाशी ली तो उसमें से आरक्षक व थानेदार की दो और डे्रस जब्त की गई। बैग में युवक का अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस इस बात की भी छानबीन कर रही है कि युवक ने वर्दी का किसी अपराध में इस्तेमाल तो नही किया।


