Jabalpur Crime News Today। शहर के मदन महल थाना अंतर्गत पुराने बस स्टैंड स्थित अभिनंदन होटल में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब स्कूटी और बाइक पर सवार दो बदमाशों ने होटल में घुसते ही चार राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि होटल संचालक अश्वनी पारिय को कोई चोट नहीं आई, लेकिन इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
दशहरे वाले दिन से जुड़ा है मामला
मदन महल पुलिस के अनुसार, इस फायरिंग की जड़ें दशहरे वाले दिन की एक मामूली कहासुनी से जुड़ी हैं। दरअसल, दशहरा के दिन एक महिला और दो पुरुष होटल में खाना खाने पहुंचे थे, जहां वेटर राजा से उनकी किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसके करीब एक घंटे बाद दो युवक होटल में आए और वेटर तथा मालिक से गाली-गलौज करते हुए राजा को उनके हवाले करने की धमकी दी। जब होटल संचालक अश्वनी ने मामला शांत कराने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
अगले दिन हुआ हमला
इसके बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन मंगलवार की शाम करीब 4 बजे, एक स्कूटी और एक बाइक पर सवार होकर दो युवक फिर से होटल के सामने पहुंचे, और सीधे पिस्तौल निकालकर अंदर घुस गए। अंदर आते ही एक युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि होटल संचालक और कर्मचारी समय रहते झुक गए जिससे कोई जानहानि नहीं हुई, लेकिन होटल की दीवारों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा।
हमलावरों की पहचान पर संदेह
होटल संचालक अश्वनी पारिय ने बताया कि वह हमलावरों के चेहरे पहचानते हैं, लेकिन उनके नाम और पते की जानकारी उन्हें नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
इस फायरिंग की घटना के बाद अभिनंदन होटल और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही दुकानदार और राहगीर इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए और होटल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश तेज़ कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


