जबलपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और तिलवारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3 महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 किलो 206 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 लाख 60 हजार 300 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम को गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 3 पुरुष एवं 3 महिलाओं को बैग सहित पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम
भुवनेश्वर कुम्हार (29),
फगु मांझी (27),
लुपु हरीजन (29),
काजल मांझी (30),
रत्नी डिगाल (35),
मनीनी डिगाल (25)
बताए, जो सभी ओडिशा राज्य के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से अलग-अलग पैकेट में गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए कुल गांजे का वजन 7 किलो 206 ग्राम पाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा में गांजे की खेती कर इसे जबलपुर लाकर पियूष कुशवाहा नामक व्यक्ति को बेचने वाले थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और मादक पदार्थों की तस्करी के पूरे रैकेट का खुलासा करने में जुटी है।


