अनूपपुर। अनूपपुर जिले के डोला नगर परिषद क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कोतमा से मनेन्द्रगढ़ जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। संयोगवश हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी 16 सीयू 8927 कोतमा से मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही थी। डोला नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-3 में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बने नाले को पार करते हुए कुंदन गुप्ता के मकान में जा घुसी, जिससे मकान के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में 8 वर्षीय एक बच्चे सहित कुल तीन लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


