विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेशहर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं जिला स्पोर्ट्स अकादमी बालाघाट के सहयोग से 13 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ हनुमान चौक से हुआ। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं शिक्षण संस्थानों के हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हनुमान चौक पर आयोजित देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। कार्यक्रम में बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित साक्यवार, उप महानिरीक्षक श्री विनित जैन, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, एसडीएम बालाघाट श्री गोपाल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री निहित उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वयंसेवी संस्थाओं, रोटरी क्लब के सदस्यों, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत ठाकुर, ओबीसी आयोग की सदस्य मौसम बिसेन, किरण भाई त्रिवेदी सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, प्राचार्यों एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। हनुमान चौक से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा काली पुतली चौक एवं अंबेडकर चौक होते हुए उत्कृष्ट विद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सहित अनेक महान राष्ट्रनायकों एवं महापुरुषों की झांकियां प्रस्तुत कीं। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर को गुंजायमान कर दिया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के गीतों, नारों और उत्साह के बीच तिरंगे के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी ने तिरंगा यात्रा को भव्य और यादगार बना दिया। यह यात्रा राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना का जीवंत संदेश बनी।


