जबलपुर। आबकारी विभाग की टीम ने शहर में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 279 बल्क लीटर देशी मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान कटनी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत भी हजारों रुपये बताई गई है।
भागने की कोशिश, कटंगा तिराहे पर पकड़ी बोलेरो
आबकारी अधिकारियों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिलवारा मार्ग से बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तिलवारा घाट और अंधमूक बायपास क्षेत्र में घेराबंदी की। संदिग्ध बोलेरो दिखाई देने पर टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की।
इस पर टीम ने दूसरी टीम को सूचना देकर वाहन की लोकेशन साझा की। कटंगा तिराहा स्थित आइडियल टावर के पास दूसरी टीम ने बोलेरो के आगे अपना वाहन लगाकर उसे रोक लिया।
33 पेटियों में मिली देशी शराब
बोलेरो की तलाशी लेने पर 33 पेटी देशी मदिरा (मसाला एवं प्लेन) मिलीं। इनमें दो पेटियां खाली थीं, जबकि 31 पेटियों में शराब भरी हुई थी। कुल 279 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।
मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू चौधरी और साहिल केवट, निवासी कटनी, के रूप में हुई है। आबकारी विभाग ने दोनों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।


