जबलपुर। शासकीय दस्तावेजों के पंजीयन की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वरिष्ठ जिला पंजीयक कार्यालय में फेसलेस पंजीयन के संबंध में संबंधित विभागों एवं सेवा प्रदाताओं की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप महानिरीक्षक पंजीयन जबलपुर परिक्षेत्र प्रभाकर चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन तथा जबलपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, हाउसिंग बोर्ड एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सेवा प्रदाता उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों एवं सेवा प्रदाताओं को फेसलेस पंजीयन प्रक्रिया के प्रमुख बिंदुओं और इससे जुड़े तथ्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। सेवा प्रदाताओं के प्रश्नों का समाधान भी किया गया। अधिकारियों ने सभी संबंधितों से अधिक से अधिक दस्तावेजों का फेसलेस पद्धति से पंजीयन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
इस दौरान उप महानिरीक्षक पंजीयन जबलपुर परिक्षेत्र श्री प्रभाकर चतुर्वेदी ने फेसलेस पद्धति से पंजीयन कराने के लाभों की जानकारी देते हुए आगामी दिनों में इस प्रक्रिया के माध्यम से अधिक से अधिक दस्तावेजों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ जिला पंजीयक डॉ. पवन कुमार अहिरवार ने विभागीय अधिकारियों एवं सेवा प्रदाताओं से फेसलेस पंजीयन प्रक्रिया को प्रभावी रूप से लागू करने में सहयोग की अपेक्षा की।


