वर्षा जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम, स्कूल-आंगनवाड़ी के नियमित निरीक्षण और लंबित निर्माण कार्यों को लेकर दिए निर्देश
जबलपुर। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने आज संभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की। बैठक में शासन के प्रमुख कार्यक्रमों और प्राथमिक अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को समय सीमा में प्राथमिकता से प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। अभियान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा वर्षा जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार के लिए तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालयों के संचालन, पुस्तक एवं छात्रवृत्ति वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने स्कूल, आंगनवाड़ी, आश्रम और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने तथा निरीक्षण पंजी में टीप दर्ज करने के निर्देश दिए। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। पीएचई विभाग को पेयजल नमूनों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नगरीय प्रशासन, मंडी, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, जल निगम सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सतत संवाद कर समस्याओं का समुचित निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नवीन ई-विकास प्रणाली के तहत किसानों को खाद वितरण तथा राशन वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश भी संभागायुक्त ने दिए।


