Iवायरल वीडियो पर पुलिस की नजर
जबलपुर। विजयनगर क्षेत्र के जीरो डिग्री के आसपास कार से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक कार में सवार होकर सड़क पर वाहन को लहराते हुए चलाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ युवक कार के गेट और खिड़की के शीशे से बाहर लटककर स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
सड़क पर इस तरह वाहन चलाने और स्टंट करने से राहगीरों के साथ ही अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने या किसी अन्य वाहन के सामने आने पर गंभीर हादसा होने की आशंका रहती है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए युवकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
वीडियो के आधार पर होगी पहचान
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया वीडियो विजयनगर के जीरो डिग्री क्षेत्र का प्रतीत हो रहा है। वीडियो को संबंधित थाना प्रभारी को भेजा जाएगा। इसके आधार पर कार और उसमें सवार युवकों की पहचान कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहचान होने के बाद संबंधित युवकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि स्टंट में इस्तेमाल कार किसके नाम पर दर्ज है और वाहन चालक के खिलाफ किन धाराओं में कार्रवाई की जाती है।


