September 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

उमंग दिवस पर विद्यार्थियों को मिला स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल का मार्गदर्शन


*उमंग हेल्पलाइन 14425 की दी जानकारी* *किशोर-किशोरियों की समस्याओं के समाधान में काउंसलिंग को बताया उपयोगी*
अनूपपुर। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार शनिवार, 12 सितंबर 2026 को शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय बस्ती, अनूपपुर में उमंग दिवस एवं हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ अभिभावकों, नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संस्था प्रधान अजय कुमार प्रसाद ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को उमंग हेल्पलाइन 14425 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोर-किशोरियां अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक अथवा अन्य समस्याओं के संबंध में शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए काउंसलरों से मार्गदर्शन एवं समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ, सजग, आत्मविश्वासी और सकारात्मक जीवन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे एवं गलत आदतों से दूर रहने, अध्ययन में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी समस्याओं को साझा करने के संबंध में जानकारी दी गई। काउंसलिंग सुविधा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं का उचित समाधान एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं सविता प्रजापति, शैल शर्मा एवं विद्या राठौड़ ने भी उमंग कार्यक्रम के विभिन्न लाभों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों, नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उमंग एवं हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अमृत समान पहल बताया। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में बच्चों को कई ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिन्हें वे माता-पिता के साथ साझा करने में संकोच करते हैं। ऐसे में शासन द्वारा काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय प्रयास है। इससे विद्यार्थी बिना संकोच अपनी समस्याएं साझा कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
अंत में संस्था प्रधान अजय कुमार प्रसाद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

अन्य ख़बरें

अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दो आरोपी गिरफ्तार, 60 लीटर कच्ची शराब जब्त

Newsdesk

डॉ. आनंद तिवारी का निधन, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र में छोड़ी अमिट छाप

Newsdesk

चलती कार में स्टंट करने वाले चालक पर 3500 रुपए का जुर्माना

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading