नवी मुंबई, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) द्वारा संचालित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने आगामी विंटर फ्लाइट शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं, परिवहन नेटवर्क, ट्रांजिट हॉस्पिटैलिटी और एयरलाइन सपोर्ट सेवाओं का विस्तार किया है। यह तैयारी ऐसे समय में की जा रही है जब क्षमता संबंधी दबाव झेल रहे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) से अधिक उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट की ओर स्थानांतरित किए जाने की योजना है।
भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड हवाईअड्डों में शामिल एनएमआईए यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल आर्ट प्रोग्राम और विशेष अनुभव क्षेत्र (एक्सपीरियंस जोन) भी विकसित कर रहा है, ताकि यात्रियों को अधिक आरामदायक और आकर्षक माहौल मिल सके। यह सभी तैयारियां 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक चलने वाले विंटर शेड्यूल से पहले की जा रही हैं।
परिवहन सुविधाओं के विस्तार के तहत महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) 7 अक्टूबर से इलेक्ट्रिक ई-शिवाई बस सेवा शुरू करेगा। ये बसें एयरपोर्ट को दादर, बोरीवली और पुणे से जोड़ेंगी। इनके किराए क्रमशः 170 रुपए, 210 रुपए और 450 रुपए निर्धारित किए गए हैं। 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को आधा किराया देना होगा।
निजी बस सेवा ‘चलो’ प्रतिदिन 21 सेवाएं उपलब्ध करा रही है, जो एयरपोर्ट को मारोल, बांद्रा, दादर और कोलाबा से जोड़ती हैं। वहीं नवी मुंबई म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट (एनएमएमटी) एयरपोर्ट के लिए सात समर्पित मार्गों पर सेवाएं संचालित कर रहा है।भारत टैक्सी 10 अक्टूबर से एयरपोर्ट पर अपनी सेवाएं शुरू करेगी और शुरुआती चरण में 40 वाहनों तक की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा सिटीफ्लो, आर्या और चालो मिलकर एनएमआईए और सीएसएमआईए के बीच हर घंटे निःशुल्क शटल सेवा भी संचालित करेंगे।एयरपोर्ट का कुल परिवहन नेटवर्क काफी व्यापक बनाया गया है, जिसमें 3,787 ऐप-आधारित टैक्सियां, 184 कार रेंटल वाहन, 171 ऑटो-रिक्शा और 547 बसें शामिल हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल-1 के भीतर 80 कमरों वाला ‘स्वर्ल ट्रांजिट होटल’ अक्टूबर के मध्य में शुरू किया जाएगा। यहां चार घंटे के अल्पकालिक ठहराव से लेकर रात्रि विश्राम तक की सुविधा उपलब्ध होगी। होटल में शॉवर, वर्कस्टेशन, वाई-फाई और 24 घंटे भोजन सेवा जैसी सुविधाएं भी होंगी।
एयरलाइन संचालन के समर्थन के लिए ताजसैट्स की फ्लाइट किचन सुविधा भी सक्रिय है। यह प्रतिदिन 40 से अधिक प्रस्थान उड़ानों को सेवाएं देती है और फिलहाल 7,500 भोजन प्रतिदिन तैयार करने की क्षमता रखती है। मांग बढ़ने पर इसे बढ़ाकर 15,000 भोजन प्रतिदिन किया जा सकेगा।


