जबलपुर। भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मारुति हनुमंत पवार के जबलपुर दौरे के दौरान आगामी त्रिवार्षिक अधिवेशन की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। पिछले तीन दिनों से शहर में मौजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जीसीएफ, व्हीकल फैक्ट्री, जीआईएफ, पर्सनल और अन्य यूनिटों का दौरा कर कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। इस दौरान रिस्क अलाउंस, ड्रेस अलाउंस, आठवें वेतन आयोग के गठन और एनपीएस खत्म कर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने जैसे अहम मुद्दे प्रमुखता से उठे।
अधिवेशन की रूपरेखा तैयार करने के लिए संगठन के पदाधिकारियों, जेसीएम-3 सदस्यों और आईआर मैकेनिज्म से जुड़ी विशेष कमेटी का गठन किया गया है। वहीं, लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्तियों के मामलों का वन-टाइम रिलैक्सेशन देकर शत-प्रतिशत निराकरण करने की मांग भी संघ ने उठाई है। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों की इन मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा, ताकि लंबित समस्याओं का समाधान हो सके। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से कर्मचारियों को अपनी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जगी है।


