काठमांडू, 10 जून| नेपाल में बुधवार सुबह एक टिप्पर ट्रक (डम्पर) कर्णाली नदी में जा गिरा, जिससे ट्रक में सवार कम से कम 30 लोग लापता हो गए। टिप्पर ट्रक में 50 लोग भारत से नेपाल के कालीकोट जिले के रसकोट नगरपालिका के क्वारंटीन केद्र के लिए जा रहे थे।
हिमालयन टाइम्स ने एक स्थानीय निवासी, दिल बहादुर शाही के हवाले से कहा कि टिप्पर ट्रक लालघाट सड़क पर फिसल गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर कर्णाली नदी में जा गिरा।
घटना के तुरंत बाद, मौके पर पुलिस पहुंच गई, जिसके बाद खोज और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि इस दुर्घटना की वजह ओवरलोडिंग हो सकती है।


