19.4 C
Jabalpur
October 28, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीयहेडलाइंस

पैतृक गांव में हुआ डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई का अंतिम संस्कार, बरसात के कारण हुई देरी

हिसार ,21 जुलाई (आरएनएस)। शहीद डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई का गुरुवार दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे उनके पैतृक गांव सारंगपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। भारी बारिश के कारण अंतिम संस्कार करीब चार घंटे देरी से हुआ। डीजीपी पीके अग्रवाल, आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई, फतेहाबाद विधायक दुड़ाराम, आईजी राकेश कुमार आर्य, एसपी लोकेंद्र सिंह सहित अन्य गण्यमान्य ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई के बेटे सिद्धार्थ बिश्नोई तड़के ही हिसार पहुंच गए थे। गुरुवार सुबह 6 बजे से ही बारिश हो रही थी। शव को अंतिम संस्कार के लिए सुबह 8 बजे ले जाना था। तय कार्यक्रम के अनुसार दस बजे अंतिम संस्कार किया जाना था। लगातार हो रही बारिश के कारण समय में बदलाव करना पड़ा। दोपहर करीब 12 बजे बाद तिरंगे में लिपटे शव को कैंटर में रखकर विदा किया गया। अग्रोहा के लांधड़ी टोल प्लाजा पर स्कूली विद्यार्थियों व ग्रामीणों ने उन्हें सलामी देते हुए श्रद्धाजंलि दी। शहीद सुरेंद्र बिश्नोई अमर रहे के नारे लगाए।
सुरेंद्र बिश्नोई को अंतिम संस्कार कर जिस खेत में मिट्टी दी जानी थी उसमें भारी बारिश के चलते पानी भर गया। जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदा गया। पंपसेट की मदद से खेत में भरे पानी को निकाला गया। कई घंटे तेज बारिश के बावजूद भारी संख्या में लोग पहुंचे।
अंतिम संस्कार से पहले सुरेंद्र बिश्नोई के शव को गांव सारंगपुर के राजकीय स्कूल में रखा गया। यहां डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई, पूर्व मंत्री संपत सिंह, मंडल आयुक्त चंद्रशेखर, रणधीर पणिहार, भाजपा नेत्री सोनाली, एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल फोगाट सहित अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने गांव की सड़क का नाम शहीद के नाम पर करने की मांग रखी।
खनन माफिया ने कर दी थी हत्या
डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई की नूंह जिले के तावडू क्षेत्र में अवैध खनन करने वाले डंपर चालक ने कुचल कर हत्या कर दी थी। हरियाणा सरकार ने उन्हें शहीद का दर्जा दिया है। सुरेंद्र बिश्नोई  के बेटे सिद्धार्थ के कनाडा में होने के कारण बुधवार को अंतिम संस्कार नहीं किया गया। बुधवार देर रात सिद्धार्थ हिसार पहुंचे। जिसके बाद गुरुवार सुबह 10 बजे अंतिम संस्कार किया जाना था। बिश्नोई समाज में पेड़ों को बचाने के लिए शव को जलाने के बजाए मिट्टी में दफनाया जाता है।
सीएम ने किया न्यायिक जांच का एलान
सीएम ने न्यायिक जांच का एलान किया है। सरकार तुरंत इस मामले की गहराई में जाकर भू माफिया, खनन माफिया पर कार्रवाई करे। सुरेंद्र बिश्नोई ने लंबे समय तक सरकारी नौकरी करते हुए ईमानदारी की मिसाल पेश की। अगर सिद्धार्थ की इच्छा हो तो सरकार शहीद सुरेंद्र बिश्नोई के बेटे को नौकरी दे। गांव के स्कूल का नाम शहीद के नाम पर करवाने का काम प्रयास करेंगे।  – कुलदीप बिश्नोई, विधायक आदमपुर
डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई के साथ बहुत दुखद घटना घटी है। वह बहुत दिलेर, बहादुर ऑफिसर थे। खनन में शामिल लोगों को पकडऩे का प्रयास भी उनकी बहादुरी को दिखाता है। हमने डंपर के क्लीनर व ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। हमने 700 से 800 पुलिस कर्मियों की टीम बनाकर नूंह पुलिस को दी है। जो नूंह में होने वाली माइनिंग को लेकर सर्च अभियान चला रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  -पीके अग्रवाल, डीजीपी, हरियाणा

अन्य ख़बरें

मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भड़कीं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, बोलीं- तुरंत माफी मांगें

Newsdesk

बलतेज पन्नू ने कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया हताशा की राजनीति, बोले-2027 में भी बारी नहीं आने वाली

Newsdesk

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: भारतीय पुरुष टीम ने तंजानिया को 48-20 से हराया, सेमीफाइनल में प्रवेश

Newsdesk

Leave a Comment