अभिनेता वरुण धवन की हॉरर फिल्म भेडिय़ा ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर लिया है। फिल्म 25 नवंबर को सिनेमाघरों में आई है। फिल्म रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने फिल्म की तारीफ में खूब कसीदे पढ़े। अब इसका पहले दिन का कलेक्शन सामने आ गया है। इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब सात करोड़ रुपये कमा लिए हैं। मशहूर समीक्षक तरण आदर्श ने ट्विटर पर फिल्म की कमाई का आंकड़ा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म ने ओपनिंग डे को 7.48 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसे एक ठीक-ठाक शुरुआत माना जा रहा है। ज्यादातर समीक्षकों का आंकलन है कि वीकेंड में फिल्म की कमाई की रफ्तार बढ़ सकती है। फिल्म को जिस प्रकार के रिव्यूज मिल रहे हैं, उसे देखते हुए मेकर्स का उत्साह बढ़ा हुआ है। वहीं, इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। अभिनेता वरुण ने ट्विटर पर इस संबंध में जानकारी शेयर की है। उन्होंने एक पोस्टर शेयर करते हुए फैंस के साथ अपनी खुशी बांटी है। जियो स्टूडियोज और दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स ने इसे प्रोड्यूस किया है। अमर कौशिक इस फिल्म के निर्देशक हैं। बता दें कि इससे पहले अमर ने स्त्री जैसी जबरदस्त हॉरर फिल्म का निर्देशन किया था। भेडिय़ा ने सिनेमाघरों में आते ही अजय देवगन की थ्रिलर फिल्म दृश्यम 2 को कड़ी टक्कर दी है। दृश्यम 2 ने अब तक भारत में 112.53 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसने अपने पहले वीकेंड में ही 64.14 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। शुक्रवार को फिल्म ने अपने खाते में 7.87 करोड़ रुपये का इजाफा किया। अब ये तो वक्त बताएगा कि आने वाले दिनों में कमाई की रेस में कौन फिल्म आगे निकलती है। भेडिय़ा में वरुण के साथ अभिनेत्री कृति सैनन ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। फिल्म में दोनों के अभिनय को सराहा जा रहा है। वरुण और कृति इससे पहले रोहित शेट्टी की दिलवाले में दिखे थे। दीपक डोबरियाल, अभिषेक बनर्जी और पालिन कबाक जैसे कलाकारों ने अपने अभिनय की धार दिखाई है। कुछ दर्शकों ने फिल्म के वीएफएक्स की तारीफ की है। भेडिय़ा दिनेश विजान के भूतिया यूनिवर्स की तीसरी फिल्म है। इससे पहले वह स्त्री और रूही लाए थे। यह फिल्म रिलीज के दिन ही कई पायरेटेड वेबसाइटों पर ऑनलाइन लीक हो चुकी है। इसका मतलब है कि लोग फिल्म को कई प्लेटफॉर्म से डाउनलोड करके मुफ्त में देख सकते हैं। बता दें कि पायरेसी से फिल्म की कमाई प्रभावित होती है।


