जबलपुर। शरद यादव विचार मंच, जबलपुर एवं रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पूर्व छात्र संघ (शिक्षण विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता Sharad Yadav की जयंती के अवसर पर 1 जुलाई को वृक्षारोपण एवं राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई।
आयोजकों ने बताया कि पहला कार्यक्रम प्रातः 11 बजे अंबेडकर चौक स्थित ललित गार्डन में वृक्षारोपण का होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे शहीद स्मारक, गोल बाजार में “लोकतंत्र का भविष्य और छात्र राजनीति : संघर्ष, संवाद एवं नेतृत्व निर्माण” विषय पर राष्ट्रीय संवाद आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एवं मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद आशीष दुबे करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री लखन यादव घनघोरिया पूर्व मंत्री राजा पटेरिया तथा जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू शामिल रहेंगे!
पत्रकार वार्ता में शरद यादव के जबलपुर एवं महाकौशल क्षेत्र से जुड़े योगदानों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उन्होंने रेलवे जोन की स्थापना, IIIT, छोटी लाइन को बड़ी लाइन में बदलने, बरगी परियोजना की नहरों के विस्तार, दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी, डुमना हवाई अड्डे के विस्तार, एफसीआई के क्षेत्रीय कार्यालय तथा भेड़ाघाट के पर्यटन विकास जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के मुद्दों को संसद में प्रमुखता से उठाया।
राष्ट्रीय स्तर पर उनके योगदान का उल्लेख करते हुए आयोजकों ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कराने के आंदोलन, सामाजिक न्याय, महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, श्रमिक कल्याण, गठबंधन राजनीति और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आपातकाल के दौरान 19 माह जेल में रहकर उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों, छात्र नेतृत्व, सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों तथा शरद यादव के संघर्षपूर्ण जीवन और विचारों से परिचित कराना है। सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।पत्रकार वार्ता में शरद यादव विचार मंच एवं रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पूर्व छात्र संघ (शिक्षण विभाग) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


