विधिक सेवाओं की कार्यप्रणाली और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी प्राप्त की
जबलपुर। ज्ञान आश्रय निःशुल्क कोचिंग क्लासेस के यूपीएससी एवं एमपीपीएससी अभ्यर्थियों ने आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान जिला विधिक सहायक अधिकारी भागवत दयाल दीक्षित ने विद्यार्थियों को प्राधिकरण के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली तथा आम नागरिकों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।
जिला विधिक सहायक अधिकारी श्री दीक्षित ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से कानून एवं न्याय व्यवस्था की उपयोगिता समझाई। उन्होंने 6 और 9 का उदाहरण देते हुए बताया कि किसी परिस्थिति को अलग-अलग दृष्टिकोण से देखने पर उसका अर्थ बदल सकता है। इसलिए किसी विवाद को समझने के लिए सभी पक्षों को सुनना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा विधिक सेवाओं और नागरिकों के कानूनी अधिकारों से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का भी समाधान किया।
इस अवसर पर ज्ञान आश्रय निःशुल्क कोचिंग क्लासेस के सहायक संचालक संतोष सेंगर, प्रबंधक बलराम प्रजापति, शिक्षक कमलाकर सतनामी, पी. साईं हेमंत और एडवोकेट अतुल कुशवाह सहित समस्त अभ्यर्थी उपस्थित रहे।


