युवक को थाने ले जाने के बजाय रास्ते में छोड़ने पर पुलिसकर्मियों से भिड़े कार्यकर्ता
जबलपुर। जबलपुर जिला कलेक्ट्रेट के मैरिज ऑफिस में हिंदू युवती और ईसाई युवक की शादी को लेकर जमकर हंगामा हो गया। शादी की सूचना मिलते ही हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई। हंगामे की जानकारी लगते ही ओमती पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई। लेकिन, मामले में नया मोड़ तब आया जब कार्यकर्ता ओमती थाने पहुंचे और वहां युवक नहीं मिला। आरोप है कि पुलिस युवक को थाने ले जाने के बजाय रास्ते में ही छोड़कर चली गई। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे।


