_1.04 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल और तीन धारदार चाकू जब्त; नागपुर के जुआरियों की संलिप्तता की भी जांच_
सी टाइम्स कुरई- जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुर्गापुर स्थित एक फार्महाउस में जुआ खेले जाने की सूचना पर कुरई, कोतवाली एवं डुंडासिवनी पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 4 हजार 200 रुपये नकद, पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और तीन धारदार चाकू जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 2 लाख 55 हजार 400 रुपये बताया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को सहायक उपनिरीक्षक भूपेंद्र नागेश्वर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दुर्गापुर स्थित एक फार्महाउस के बरामदे में रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर पांच व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाते मिले, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपितों और जुए के फड़ से नकदी, मोबाइल फोन एवं ताश के पत्ते बरामद किए गए। वहीं, फड़ पर बिछे आसमानी कंबल के नीचे तलाशी के दौरान सुदेश वर्मा, शब्बीर उर्फ कैलाश डागौर और संतकुमार उर्फ नानू सराठे के पास से तीन धारदार चाकू भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, चाकुओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
*पांच आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज*
गिरफ्तार आरोपितों में जितेंद्र डेहरवाल निवासी नयेगांव, थाना कुरई; सुदेश वर्मा निवासी रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी; शब्बीर उर्फ कैलाश डागौर निवासी अंबेडकर वार्ड, सिवनी; संतकुमार उर्फ नानू सराठे निवासी भोमा सालीवाड़ा, थाना कान्हीवाड़ा तथा आकाश चौकसे निवासी बारापत्थर, सिवनी शामिल हैं।
पुलिस ने थाना कुरई में अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत धारा 13 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 111(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
*नागपुर के जुआरियों की भूमिका की जांच*
पुलिस के अनुसार, मामले में नागपुर के जुआरियों की संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। साथ ही फार्महाउस मालिक के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी बरघाट जितेंद्र जाट एवं एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कुरई निरीक्षक कृपाल शाह तेकाम, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश तिवारी, थाना प्रभारी डुंडासिवनी निरीक्षक चैनसिंह उईके सहित संबंधित थानों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।


